सुबह से बारिश, केदारनाथ-यमुनोत्री में बर्फबारी
देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का एहसास बढ़ गया है। वहीं, केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी और बढ़ गई है। मौसम के इस बदले रुख ने लोगों को हैरान कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून सहित टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है। अप्रैल के पहले सप्ताह में आमतौर पर गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार मौसम ठंडा बना हुआ है।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई बार अंधेरा जैसा माहौल देखने को मिला। हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने फिर से हल्के गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता मुख्य कारण है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में नमी बढ़ी है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है।
