Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून: छात्र संघ कार्यक्रम में अभद्र भाषा के आरोप में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज

देहरादून: देहरादून स्थित दयानंद एंग्लो-वैदिक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (डीएवी पीजी कॉलेज) में आयोजित छात्र संघ सप्ताह समारोह के दौरान मंच से कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र शब्दों के प्रयोग के मामले में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

मंच से अभद्र भाषा के आरोप

11 अप्रैल को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायक मासूम शर्मा पर मंच से अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, मामले में डालनवाला कोतवाली में 12 अप्रैल की देर रात शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह शिकायत डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी द्वारा दर्ज कराई गई थी।

किन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने मासूम शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे, हालांकि वे गायक के प्रस्तुति से पहले ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके थे। वहीं, खानपुर विधायक उमेश कुमार मंच पर मौजूद थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया था।

गायक ने मांगी माफी

मामले के बढ़ते विवाद के बाद मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगी और कहा कि उनसे अनजाने में यह शब्द निकल गए थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a Comment