उत्तरकाशी: उत्तरकाशी। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को दो नई डायलिसिस मशीनें प्रदान की हैं, जिसके बाद अस्पताल में कुल मशीनों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इस पहल से किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक उत्तरकाशी में डायलिसिस केंद्र की सुविधा न होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए देहरादून और ऋषिकेश जैसे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई मरीजों को इलाज के लिए किराए पर कमरा लेकर लंबे समय तक दूर रहना पड़ता था।
विधायक सुरेश चौहान ने बताया कि 2022 में चुनाव जीतने के बाद उन्होंने देहरादून और ऋषिकेश के अस्पतालों में जाकर मरीजों से मुलाकात की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने जनपद में डायलिसिस सुविधा शुरू कराने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हंस फाउंडेशन के सहयोग से यह सुविधा लगातार बढ़ाई जा रही है।
पहले चरण में 2 मशीनें, फिर 4 और अब 2 नई मशीनों के जुड़ने के बाद कुल 8 डायलिसिस मशीनें जिला अस्पताल में उपलब्ध हैं, जिनसे लगभग 113 से अधिक मरीजों को नियमित उपचार मिल रहा है।
मरीजों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि यह सुविधा उनके लिए “संजीवनी” साबित हो रही है, क्योंकि अब उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भागेन्द्र रावत, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेम पोखरियाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।
