उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद स्थित यमुनोत्री धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने प्रशासन को हरकत में ला दिया है। चारधाम यात्रा शुरू होने से ठीक पहले सामने आए इस मामले में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गंभीर संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को देहरादून से यमुनोत्री यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु खरसाली क्षेत्र में फिसलकर घायल हो गई थीं। उनके साथ मौजूद दूसरी महिला ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए गए।
वीडियो के वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच के निर्देश उपजिलाधिकारी बड़कोट को दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं में क्या तैयारियां की गई थीं और मौके पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं हो पाई।
चारधाम यात्रा के पहले पड़ाव यमुनोत्री धाम में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर उठे सवाल प्रशासन के लिए चुनौती बन सकते हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि लापरवाही कहां हुई और आगे क्या सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
