Udayprabhat
uttrakhand

यमुनोत्री धाम यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए सीडीओ ने दिए अहम निर्देश

उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम यात्रा के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जल संस्थान, पशुपालन, स्वास्थ्य, पुलिस, लोनिवि, एनएच, पर्यटन, सुलभ शौचालय एवं जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

सीडीओ ने यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर पीए (साउंड सिस्टम) लगाने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को आवश्यक जानकारी के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी मिल सके।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उन्होंने एसडीआरएफ की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जल संस्थान बड़कोट को शौचालयों में निरंतर पानी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को घोड़े-खच्चरों के लिए चरी में पानी की आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं एनएच और लोनिवि के अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए, जिससे धूल के गुबार से यात्रियों को परेशानी न हो।

सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों से यात्रा व्यवस्थाओं को जिम्मेदारीपूर्वक और समन्वय के साथ संचालित करने की अपील की।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी हरि सिंह बिष्ट, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एस.एल. आर्य, उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट शातनु पराशर, चंचल शर्मा तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी वर्चुअली उपस्थित रहे।

Leave a Comment