चमोली: चारधाम यात्रा 2026 के दौरान जनपद चमोली के प्रमुख प्रवेश द्वार गौचर नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को चौकी गौचर में थानाध्यक्ष कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल ने नगर क्षेत्र के व्यापारियों, टैक्सी चालकों, वाहन स्वामियों, जनप्रतिनिधियों, रेलवे लाइन में कार्यरत मेघा एवं डीबीएल कंपनियों के अधिकारियों तथा एनएच कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन हेतु सभी से सहयोग की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि यात्रा के दौरान नगर में अनावश्यक जाम न लगे, इसके लिए सभी वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन मिल सके।
चौकी प्रभारी मानवेन्द्र सिंह गुसाईं ने जानकारी दी कि बुधवार से नगरपालिका और चौकी पुलिस का संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ नोटिस भी जारी किए जाएंगे।
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर पुलिस बल बढ़ाने, यात्री वाहनों को नगर में रुकने देने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
