Udayprabhat
uttrakhand

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने किया पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज गौचर में औचक निरीक्षण

चमोली: मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने शुक्रवार सुबह पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर का औचक निरीक्षण किया। वह विद्यालय खुलने के समय सुबह 7:30 बजे अचानक पहुंचे और प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मरक्षा, बालिका शिक्षा के महत्व और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं को स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन से प्रेरणा लेने, सदाचार का पालन करने और कर्म को प्राथमिकता देने की सीख दी, साथ ही राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों की डायरी, उपस्थिति रजिस्टर, छात्र उपस्थिति, प्रधानमंत्री पोषाहार योजना और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिक्षण में नवाचार अपनाने और नियमित अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिक्षक विद्यालय पुस्तकालय से हर सप्ताह एक पुस्तक लेकर उसका अध्ययन करे और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

इसके अलावा, उन्होंने विद्यालय में बहुभाषी प्रार्थना सभा, दीवार पत्रिका निर्माण, किचन गार्डन, सशक्त पुस्तकालय और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। सामूहिक जन्मोत्सव जैसे नवाचारों को भी अपनाने पर जोर दिया गया। इस निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य बच्चन लाल जितेला और सुमन भट्ट भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment