उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग के नोडल अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। यहां अल्ट्रासाउंड केंद्र का भी निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. पांगती ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल और कल्याणी का भी भ्रमण किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने, ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी उपकरणों को पर्याप्त मात्रा में तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा से संबंधित दैनिक रिपोर्टिंग नियमित रूप से भेजने और यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुंडा का निरीक्षण भी किया गया, जहां स्वास्थ्य सेवाओं और रिकॉर्ड व्यवस्था की समीक्षा की गई। निरीक्षण के बाद आयोजित आशा कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक में उन्होंने संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता बढ़ाने और एचपीवी वैक्सीन के प्रचार-प्रसार को तेज करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का तुरंत समाधान किया जा सके।
