चमोली: चमोली में स्थित पवित्र तीर्थ हेमकुण्ड साहिब की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय सेना ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्ग पर जमी भारी बर्फ को हटाने का कार्य सेना के जवानों द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
दुर्गम पहाड़ी इलाकों और प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों के बावजूद जवान लगातार मार्ग को साफ करने में जुटे हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। सेना के इस सराहनीय प्रयास से उम्मीद है कि यात्रा मार्ग जल्द ही पूरी तरह सुचारु हो जाएगा।
वहीं, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग भी यात्रा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि आगामी 23 मई 2026 को हेमकुण्ड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इसके मद्देनजर तैयारियां तेजी से चल रही हैं, ताकि इस वर्ष की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बन सके।
