Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड कांग्रेस ने 2027 चुनाव को लेकर बनाई रणनीति, दिल्ली में राहुल गांधी और खरगे ने की वरिष्ठ नेताओं से चर्चा

देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई।

जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड कांग्रेस के नेता पिछले तीन दिनों से दिल्ली में मौजूद हैं। रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित बड़ी रैली और मार्च में शामिल होने के बाद सोमवार को प्रदेश के नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ मुलाकात की।

यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित हुई। इसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कुमारी सैलजा मौजूद रहे।

बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने हिस्सा लिया।

2027 चुनाव के लिए कांग्रेस को मिला खास संदेश

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई। पार्टी आलाकमान ने प्रदेश के नेताओं को जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार को विभिन्न विषयों पर घेरने की रणनीति अपनाने को कहा।

नेतृत्व की ओर से यह संदेश दिया गया कि महंगाई, बेरोजगारी, जनसमस्याओं और प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच ले जाया जाए। साथ ही चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने और संगठन के सभी स्तरों पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर भी मंथन

बैठक में केवल चुनावी प्रचार ही नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन की भूमिका और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने नेताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनता के बीच कांग्रेस की मौजूदगी मजबूत करने का संदेश दिया।

प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

उत्तराखंड कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसमें विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक विषयों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तथा संगठन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

Leave a Comment