चमोली: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 8वीं वाहिनी न सिर्फ देश की सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद है, बल्कि केदारनाथ धाम में भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाल रही है। यह जानकारी नव नियुक्त सेनानी मनोहर सिंह रावत ने वाहिनी परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय और बल मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया जा रहा है। साथ ही, आईटीबीपी सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।
रावत ने कहा कि महानिरीक्षक उत्तरी सीमांत आईपीएस मनु महाराज और उप महानिरीक्षक शैलेश जोशी के नेतृत्व में 8वीं वाहिनी केदारनाथ में अपनी जिम्मेदारियों को कुशलतापूर्वक निभा रही है। वर्तमान में डिप्टी कमांडेंट कार्तिक शर्मा और इंस्पेक्टर दीपक बिष्ट के नेतृत्व में जवान पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं।
इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट मनोज शाह, जे.के. बेहरा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज गौतम और इंजीनियर सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
