उत्तरकाशी: पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी जिले में अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। आगामी चारधाम यात्रा और फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए आग से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में फायर सर्विस एवं कोतवाली धरासू की संयुक्त टीम द्वारा नालूपानी और धरासू बैंड क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की विस्तृत जांच की गई, जिसमें सिलेंडर का प्रेशर, नोजल की स्थिति तथा उपकरणों की एक्सपायरी डेट की बारीकी से समीक्षा की गई।
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करें और किसी भी आपात स्थिति में उनका सही उपयोग करें। इसके साथ ही फायर टीम द्वारा होटल स्टाफ, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन का डेमो भी दिया गया।
इस दौरान “PIN-PULL-AIM-SQUEEZE” तकनीक की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देकर आग की आकस्मिक घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के उपाय समझाए गए।
