चमोली: उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली के काश्तकारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखंड औद्यानिक परिषद द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। परिषद ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के साथ सब्जी विपणन को लेकर एक अनुबंध किया है। इसके तहत अब स्थानीय काश्तकार अपने खेतों में उगाई गई सब्जियों को सीधे ITBP को बेच सकेंगे।
राज्य सरकार की पहल से काश्तकारों को राहत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1 अप्रैल 2026 को स्थानीय काश्तकारों से सब्जी क्रय हेतु अनुबंध किया गया था।
योजना का शुभारंभ
शुक्रवार को ज्योतिर्मठ के बड़ागांव स्थित भद्रेश्वर कृषक उत्पादक संगठन द्वारा इस योजना के तहत सब्जी विपणन की शुरुआत की गई। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने सब्जियों की पहली खेप ले जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पहली खेप में 9 हजार रुपये की आय
इस पहली खेप में किसानों द्वारा 50 किलो मटर, 8 किलो लहसुन, 50 किलो राई, 5 किलो धनिया और 5 किलो चुकंदर की आपूर्ति की गई, जिससे लगभग 9 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई।
काश्तकारों ने जताई खुशी
स्थानीय काश्तकार मोहन सिंह कम्दी और सुखदेव सिंह ने कहा कि यह अनुबंध उनकी आय को मजबूत करने में सहायक साबित होगा। अब उन्हें अपने उत्पादों को बेचने के लिए बाजारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
