Udayprabhat
uttrakhand

मानवता की मिसाल बनी उत्तरकाशी पुलिस, हादसे में घायल श्रद्धालुओं को पहुंचाया अस्पताल

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के दौरान उत्तरकाशी पुलिस ने एक बार फिर मानवता और सेवा का परिचय देते हुए घायल श्रद्धालुओं की समय पर मदद कर सराहनीय कार्य किया।

जानकारी के अनुसार, पटना (बिहार) निवासी श्रद्धालु राकेश कुमार अपने साथी मीन बहादुर के साथ रविवार को श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। इसी दौरान यमुनोत्री हाईवे पर बाड़िया गांव के समीप उनकी मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई। हादसे में राकेश कुमार के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि मीन बहादुर भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी पुलिस के अपर उपनिरीक्षक पवन बडोनी एवं आरक्षी रजत शेखर भण्डारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बिना समय गंवाए 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट भिजवाया।

चारधाम यात्रा के दौरान “सुविधा, सुरक्षा और सम्मान” के संकल्प के साथ कार्य कर रही उत्तरकाशी पुलिस, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में न केवल कानून व्यवस्था संभाल रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मानव सेवा के कार्यों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटी हुई है।

Leave a Comment