Udayprabhat
uttrakhand

अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में भावपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित

उत्तरकाशी: राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर एक भावपूर्ण एवं विचारोत्तेजक “संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार संस्था की गरिमा, पारिवारिक मूल्यों की महत्ता तथा बदलते सामाजिक परिवेश में आपसी संवाद की आवश्यकता को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रवक्ता दीपिका जैन ने कहा कि परिवार केवल संबंधों का समूह नहीं, बल्कि संवेदनाओं, संस्कारों और सुरक्षा का आश्रय है। उन्होंने संयुक्त परिवार व्यवस्था की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली और एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति ने सामाजिक संरचना में अनेक परिवर्तन उत्पन्न किए हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश रावत ने अपने संबोधन में कहा कि परिवार जीवन की अटूट शक्ति है, जो हर परिस्थिति में मनुष्य को संबल प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पारिवारिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक शिक्षक सुरक्षा रावत ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस रिश्तों को सहेजने, संवाद को जीवित रखने और परिवार संस्था के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने वर्तमान समय में भावनात्मक जुड़ाव एवं पारिवारिक सामंजस्य बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने परिवारों की विशेषताओं, पारिवारिक अनुभवों एवं सामाजिक चुनौतियों पर विचारपूर्ण अभिव्यक्तियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक एकता, आपसी विश्वास और संवाद की महत्ता को लेकर सकारात्मक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में रमेश लाल, राजेश शोकटा एवं अन्य शिक्षकों सहित विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। वहीं सिमरन, अंशिका, कनिका, नव्या, सोनाक्षी, तन्वी, अलीशा, आरुषि, राधिका, आरती, खुशी चौहान, काजल, किशन, सोबिन, दिव्यांशु एवं कृष गौड़ सहित अनेक छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। सूक्ष्म जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment