Udayprabhat
uttrakhandहेल्थ

सीएम धामी ने चार हाईटेक एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी, पर्वतीय जिलों में मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

देहरादून: उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एचडीएफसी बैंक ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत राज्य सरकार को चार अत्याधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से इन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पहले चरण में ये एंबुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों में सेवाएं देंगी। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस ये एंबुलेंस दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक त्वरित स्वास्थ्य सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है. निजी संस्थाओं की ओर से जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का बेहतर उदाहरण है.“-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि एचडीएफसी बैंक की यह पहल जनसेवा की दिशा में सराहनीय प्रयास है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में जल्द उपचार मिल सकेगा।

सीएम धामी ने यह भी कहा कि आपदा की स्थिति, बड़े धार्मिक आयोजनों और भविष्य में होने वाले हरिद्वार कुंभ जैसे आयोजनों में भी इन एंबुलेंस का उपयोग काफी लाभकारी साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य के अन्य जिलों के लिए भी इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैंक अधिकारियों के अनुसार, इन एंबुलेंस में सभी जरूरी आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं। खास बात यह है कि अगले तीन वर्षों तक प्रत्येक एंबुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक की ओर से की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

Leave a Comment