उत्तरकाशी: जिला स्तरीय बालश्रम उन्मूलन टॉस्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बालश्रम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और बाल संरक्षण इकाई को संयुक्त रूप से गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्ग पर स्थित होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों में सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी बालश्रम जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी 14 वर्ष से कम आयु के बच्चे मजदूरी करते हुए दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि बच्चों का रेस्क्यू कर उनका बचपन सुरक्षित किया जा सके। साथ ही जिला टॉस्क फोर्स को समय-समय पर औचक निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल विकास, बाल संरक्षण इकाई, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना में कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, एसीएमओ विनोद कुमार पांगती, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह पंवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शोएब हुसैन, सब इंस्पेक्टर गीता, राज्य प्रबंधन प्लान इंडिया के गोपाल थपलियाल और पमिता थपलियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
