उत्तरकाशी: उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में बढ़ते तापमान के कारण वनाग्नि की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में उत्तरकाशी जनपद के ज्ञानसू से साल्ड रोड बासुगांव के समीप जंगल में देर रात आग लग गई, जो धीरे-धीरे आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल उत्तराखंड की पोस्ट उजेली में तैनात टीम हेड कांस्टेबल दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने वहां पहुंचकर वन विभाग, फायर सर्विस और एनडीआरएफ के साथ मिलकर संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सभी टीमों के समन्वित प्रयासों के बाद जंगल में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को आवासीय क्षेत्र तक फैलने से रोक लिया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
उत्तराखंड वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में आग न लगाएं और किसी भी आग की घटना की तुरंत सूचना वन विभाग को दें।
