Udayprabhat
uttrakhand

सड़क किनारे खड़ी कार में मिला युवक का शव, कीटनाशक सेवन से आत्महत्या की आशंका

हरिद्वार: हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में दुर्गा माता मूर्ति के पास सड़क किनारे खड़ी एक हुंडई कार में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर चंडीघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, कार स्टार्ट अवस्था में थी और उसके सभी दरवाजे लॉक थे। ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ मिला, जो किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। मौके पर फील्ड यूनिट और 108 एंबुलेंस को बुलाया गया।

वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि उन्होंने यह गाड़ी अजीत सिंह को बेची थी। जांच के दौरान कार में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान अजीत सिंह पुत्र सत्यपाल, निवासी बेलड़ी सालपुर, कोतवाली रुड़की के रूप में हुई।

फील्ड यूनिट द्वारा की गई तलाशी में कार से शराब की बोतल, पानी की बोतल और कीटनाशक के तीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें से दो खुले हुए थे। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

Leave a Comment