चमोली: चमोली जिले की भ्यूंडार घाटी में स्थित पवित्र तीर्थ लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान लक्ष्मण के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी के निकट स्थित इस मंदिर के कपाट खुलने के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित यह तीर्थ स्थल अपनी कठिन भौगोलिक स्थिति के बावजूद आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
इसी क्रम में अब शनिवार को सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट भी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। पहले लोकपाल लक्ष्मण मंदिर और हेमकुंड साहिब के कपाट एक ही दिन खुलते थे, लेकिन इस बार एक दिन का अंतर रखा गया है। दोनों तीर्थ स्थल धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक माने जाते हैं और हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
