उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। पानी की टंकियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन धरासू से न्यू खालसी मांड की ओर जा रहा था। वाहन में एक-एक हजार लीटर क्षमता वाली दो पानी की टंकियां लदी हुई थीं। न्यू खालसी मांड मोटर मार्ग पर अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक सूरज (19 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय मांगशीरू लाल, निवासी ग्राम जामणी नागराजधार, थाना छाम, जनपद टिहरी गढ़वाल को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।
