Udayprabhat
uttrakhand

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर हरिहर आश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सागर, रीटा कौल ने किया मां गंगा का पूजन

स्वामी अवधेशानंद गिरि के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने किया गंगा तट पर विशेष पूजन, विश्व कल्याण की कामना

हरिद्वार: कनखल स्थित हरिहर आश्रम में ज्येष्ठ पूर्णिमा का पावन पर्व जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर एवं आचार्य पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के सान्निध्य में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और मां गंगा के तट पर विशेष पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

उत्सव के दौरान जम्मू कश्मीर से पहुंचीं गुरुदेव की शिष्या रीटा कौल ने विधि-विधान से मां गंगा का पूजन कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की प्रार्थना की। आश्रम परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि पूर्णिमा का पर्व आत्मशुद्धि, साधना और ईश्वर के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस अवसर पर रीटा कौल ने कहा कि ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिहर आश्रम में गंगा पूजन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य में प्राप्त आध्यात्मिक ऊर्जा और आशीर्वाद जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गंगा तट पर दीपदान कर धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। ज्येष्ठ पूर्णिमा का यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया।

Leave a Comment