टिहरी गढ़वाल: ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग थाना क्षेत्र के चकासा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और अंततः गंगा नदी की तेज धारा में समा गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन सड़क पर नियंत्रण खोने के बाद पहले क्रैश बैरियर से टकराई और उसे तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। खाई से गिरने के बाद वाहन सीधे गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सुरक्षा बैरियर भी वाहन को रोकने में असफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला से तीन टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना की गईं।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमें नदी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक वाहन और उसमें सवार यात्रियों के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और राहत व बचाव कार्य में सहयोग करें, ताकि अभियान सुचारू रूप से चल सके।
