Udayprabhat
uttrakhand

दयारा बुग्याल से लापता महिला ट्रेकर का 4 दिन बाद भी सुराग नहीं, ड्रोन और स्निफर डॉग्स से सर्च ऑपरेशन तेज

उत्तरकाशी: भटवाड़ी तहसील अंतर्गत दयारा बुग्याल ट्रेक मार्ग पर लापता हुई महिला ट्रेकर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर पूरे अभियान की समीक्षा की और अब तक की खोज-बचाव कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर तैनात संसाधनों, राहत एवं बचाव दलों की स्थिति तथा क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि खोज अभियान को और अधिक तेज किया जाए तथा उपलब्ध सभी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए।

उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन को मजबूत करने के लिए भारतीय सेना और आईटीबीपी की सहायता लेने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन को प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि अभियान की लगातार निगरानी कंट्रोल रूम से की जाए और हर गतिविधि की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

इस दौरान आपदा क्यूआरटी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने गोई कैंप से रैथल की ओर अलग-अलग दिशाओं में 5-5 किलोमीटर के दायरे में सर्च अभियान चलाया। फिलहाल महिला ट्रेकर की खोज जारी है और टीमों द्वारा लगातार इलाके में तलाशी की जा रही है।

Leave a Comment