थराली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में सघन वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्या ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को मानवीय जीवन और विकास का प्रथम मानक मानते हुए सभी को इसके प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आसपास के जैविक संसाधनों, वनस्पतियों, जीव-जंतुओं तथा नदी-नालों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। महाविद्यालय को हरा-भरा रखने एवं संस्थागत हरित विकास में विशेष योगदान देने के लिए कार्मिक हुकुम सिंह रावत को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
