चमोली: विकासखंड पोखरी सभागार में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, दिव्य भारती तथा पत्रकार संदीप बर्त्वाल का विशेष सहयोग रहा।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, कर्नल अजय कोठियाल, कर्नल डी.एस. बर्त्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट तथा महिला आयोग की उपाध्यक्ष चन्द्रकला तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि महेन्द्र भट्ट ने कहा कि पूर्व सैनिकों का देश निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने नागनाथ-पोखरी क्षेत्र को वीर सैनिकों की भूमि बताते हुए पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
कर्नल अजय कोठियाल ने क्षेत्र की युवा शक्ति और सैनिक परंपरा की सराहना करते हुए भारतीय सेना के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूथ फाउंडेशन के माध्यम से अनेक युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर मिला है तथा भविष्य में नागनाथ क्षेत्र में पुनः प्रशिक्षण शिविर शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लक्ष्मण सिंह खत्री ने पूर्व सैनिकों से संगठित होकर क्षेत्र और जिले के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान बधाणी संस्था के सावन चमोली एवं लोक गायिका मोनिका की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। समारोह उत्साह और सम्मान के वातावरण में संपन्न हुआ।
