राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुई उत्तराखण्ड पुलिस
विदेश मंत्री ने प्रदान किया ‘Institutional Performance Award’
देहरादून/नई दिल्ली: पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए उत्तराखण्ड पुलिस को भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में पासपोर्ट सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह पुरस्कार प्रदान किया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जनपदों में सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके चलते राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार और पुलिस विभाग के जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है तथा भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस इसी तरह उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।
