Udayprabhat
uttrakhand

मानसून में चारधाम यात्रा की सुरक्षा पर फोकस, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 पुलिसकर्मी ‘मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजे गए

उत्तरकाशी: पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने सोमवार को पुलिस लाइन उत्तरकाशी में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसून सत्र के दौरान चारधाम यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन, अपराध नियंत्रण तथा नशा उन्मूलन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सम्मेलन के दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं पर की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।

मानसून सीजन को देखते हुए एसपी ने चारधाम यात्रा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा भारी वर्षा अथवा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने बीते लगभग दो महीनों से चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित करने में पुलिस बल की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

माह मई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 पुलिसकर्मियों को “मैन ऑफ द मंथ” घोषित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मासिक अपराध समीक्षा के दौरान सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, गंभीर मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा लंबित समन एवं वारंटों की शीघ्र तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने ICJS, ई-फाइल, ई-ऑफिस, ई-समन, ई-साक्ष्य और नेटग्रिड जैसे ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों, महिलाओं से जुड़े मामलों और साइबर धोखाधड़ी के प्रकरणों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।

Leave a Comment