Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड की बेटी बनीं जर्मनी में नर्स, मिलेगा 3.30 लाख रुपये मासिक वेतन, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की सुश्री सपना राणा ने मुलाकात की। सपना राणा का चयन जर्मनी के हैमबर्ग शहर स्थित शॉन क्लीनिक अस्पताल में नर्स के पद पर हुआ है, जहां उन्हें 3060 यूरो (करीब 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर सपना राणा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधीन गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है। वहीं, सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

टिहरी गढ़वाल निवासी सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से तथा नर्सिंग की शिक्षा स्टेट नर्सिंग कॉलेज से प्राप्त की है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनका चयन जर्मनी के प्रतिष्ठित अस्पताल में नर्स के रूप में हुआ है।

Leave a Comment