Udayprabhat
uttrakhand

रुद्रपुर में फै्ट्री कर्मचारी की रहस्यमयी मौत, कमरे में मिला खून से लथपथ शव

रुद्रपुर: रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक फैक्ट्री कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसके किराए के कमरे में पेट के बल पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय कमलेश दुबे, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे, रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह ट्रांजिट कैंप के फुलसुंगा स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में किराए के मकान में अकेले रहते थे।

बुधवार देर रात मकान मालिक दीपक कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि कमलेश काफी देर से कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पड़ोसियों ने बताया कि कमरे के भीतर झांकने पर कमलेश पेट के बल पड़े दिखाई दिए और उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी।

पुलिस ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह अंदर से बंद था। कमरे में पहुंचने पर कमलेश मृत अवस्था में मिले। उनके मुंह और नाक से खून निकल रहा था, जबकि घुटने पर चोट के निशान भी पाए गए। घटना की जानकारी मृतक की पत्नी अंजू दुबे को भी दे दी गई।

फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Comment