हरिद्वार: श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए IG एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और DIG अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार का दौरा किया। उन्होंने SSP हरिद्वार व अन्य अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी समेत प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम और सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का निरीक्षण कर शहर से लेकर देहात तक की लाइव निगरानी व्यवस्था देखी। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सुपर जोनल एवं जोनल अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्थाओं और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन मजबूत किया जाए तथा किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24×7 सक्रिय रहने और अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
दौरे के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और एसपीओ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
