Udayprabhat
uttrakhand

पापड़गाड़ भू-धंसाव क्षेत्र का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही बहाल

संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश, मलबा हटाने और सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर जारी

उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप हुए भू-धंसाव के बाद जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राजमार्ग पर हुए धंसाव, कटाव से उत्पन्न खतरे और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से तकनीकी जानकारी लेकर राहत एवं सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील हिस्सों में तत्काल मलबा हटाने और सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर किए जाएं। प्रशासन की तत्परता से फिलहाल गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों, स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डीएम ने भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही जिला आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सतर्क रहने और मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन की टीमें मौके पर लगातार कार्य कर रही हैं तथा भारी मशीनों की मदद से मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनाने का कार्य जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की अद्यतन जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Leave a Comment