हरिद्वार: कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
एडीजी ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ पटरी मार्गों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम से चल रही निगरानी और यातायात प्रबंधन की जानकारी भी ली।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी को वर्तमान ट्रैफिक व्यवस्था, डायवर्जन प्लान, हाईवे और कांवड़ पटरी मार्गों की स्थिति के साथ अब तक गंगाजल लेकर रवाना हो चुके श्रद्धालुओं की संख्या के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
एडीजी वी. मुरूगेशन ने डाक कांवड़ के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं और वाहनों की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक यातायात को समय रहते आवश्यकतानुसार ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू करने तथा पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय और समन्वित रखी जाएं।
