Udayprabhat
uttrakhand

जिला पंचायत बैठक में मोबाइल पर ‘ताश’ खेलते दिखे अधिकारी, वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल

पौड़ी गढ़वाल: जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान एक अधिकारी के मोबाइल फोन पर गेम खेलते नजर आने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारी की कार्यशैली और बैठक के प्रति उनकी गंभीरता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दरअसल, जिला पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य समेत कई गंभीर समस्याओं को अधिकारियों के सामने रख रहे थे। बैठक का उद्देश्य जनसमस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई तय करना था। इसी दौरान जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल फोन पर ताश का गेम खेलते हुए दिखाई दिए।

अधिकारी के गेम खेलने का वीडियो सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंतुरा ने इस रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब जनप्रतिनिधि जनता से जुड़ी गंभीर समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे हों, तब बैठक में इस तरह मोबाइल पर गेम खेलना जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

पूनम कैंतुरा ने कहा कि जिला पंचायत जैसी महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों से जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा रहती है। ऐसे मामलों में कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

वहीं, मामले को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल फोन पर गेम खेलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान किसी अधिकारी का इस तरह मोबाइल का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।

मुख्य विकास अधिकारी ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment