देहरादून: देहरादून में सोमवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते सियासी हलचल तेज रही। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में पार्टी ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया था। इसी क्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता देहरादून के परेड ग्राउंड में जुटे।
परेड ग्राउंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कथित तौर पर किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं और विपक्ष के सम्मान के अनुरूप नहीं था।

सभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए रवाना हुए। इस दौरान देहरादून में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन बारिश के बावजूद कार्यकर्ता प्रदर्शन में डटे रहे।
पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए पहले से सुरक्षा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गणेश गोदियाल ने किया ये आह्वान: कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि-
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किए जाने का आह्वान किया है. परेड ग्राउंड में कार्यकर्ताओं की ओर से सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है. मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है. पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक पहुंचाती रहेगी.
-गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष-
प्रदर्शन के कारण देहरादून के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया।

परेड ग्राउंड में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कांग्रेस ने कहा कि वह विपक्ष के सम्मान और लोकतांत्रिक परंपराओं से जुड़े मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी।
