Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का किया शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार की इस पहल का खास लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को देहरादून, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की जरूरत कम होगी।

योजना के अंतर्गत राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ-साथ शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं के अलावा रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे, कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल होगी।

सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। निःशुल्क कोचिंग और अध्ययन सामग्री के माध्यम से युवाओं को परीक्षा की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को प्रदेश में युवाओं को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से बेहतर कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते हैं।

Leave a Comment