मसूरी: देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिला। शव नदी के समीप पड़ा था, जबकि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस को पानीवाला बैंड के पास एक कार के सड़क किनारे खड़े होने और नीचे खाई में व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को भी बुलाया गया।
संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 200 मीटर गहरी खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। मौके पर मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अजय कुमार कोहली मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापार करते थे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास कार का मिलना भी जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है।
