Udayprabhat
uttrakhand

डोईवाला में आवारा कुत्तों का आतंक, 33 भेड़-बकरियों की मौत, पशुपालक ने मांगा मुआवजा

डोईवाला: देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र की कुड़कावाला बस्ती में देर रात आवारा कुत्तों के झुंड ने पशुपालक के बाड़े में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुए हमले से बाड़े में मौजूद भेड़-बकरियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने और दम घुटने से 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक पशुपालक जॉनी के बाड़े में करीब 90 भेड़-बकरियां थीं। देर रात कुत्तों का झुंड बाड़े में घुस आया और पशुओं पर हमला करने लगा। कुत्तों के भौंकने और हमले से घबराए पशु इधर-उधर भागने लगे। जगह कम होने के कारण कई पशु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सुबह बाड़े में पहुंचे पशुपालक ने जब 33 भेड़-बकरियों को मृत पाया तो उसके होश उड़ गए। घटना के बाद पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं बचे हुए पशु भी घटना से डरे हुए हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।

वरिष्ठ पशु चिकित्सक का बयान: घटना की सूचना पर डोईवाला की वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ पूजा पांडे मौके पर पहुंची और मृत पशुओं का निरीक्षण किया. वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि-

प्रथम दृष्टया यह आवारा कुत्तों का ही हमला प्रतीत हो रहा है. कुत्तों के हमले के बाद सभी भेड़-बकरियां अत्यधिक डर गईं और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं. जिसके कारण दम घुटने और चोट लगने से उनकी मौत हुई है. कुछ पशुओं पर कुत्तों के काटने के निशान भी मिले हैं.
-डॉ पूजा पांडे, वरिष्ठ पशु चिकित्सक-

डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि मृत भेड़-बकरियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पशुपालक जॉनी ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल रोक लगाने के साथ मृत पशुओं के एवज में उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Comment