Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश में गंगा किनारे अलग-अलग जगह मिले दो नवजात बच्चियों के शव, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

ऋषिकेश: ऋषिकेश में गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

पहला शव नाव घाट के पास मिला, जो करीब 10 माह की बच्ची का बताया जा रहा है। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि बच्ची की मौत के बाद शव को गंगा में प्रवाहित किया गया हो और बहाव के साथ वह ऋषिकेश तक पहुंचा हो।

वहीं, दूसरा शव साई घाट के पास गंगा किनारे मिला। यह करीब एक दिन की नवजात बच्ची का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, नवजात की नाल भी कटी हुई नहीं मिली। इस मामले में पुलिस जन्म और मौत की परिस्थितियों के साथ-साथ बच्ची के शव के घाट तक पहुंचने की वजह का पता लगाने में जुटी है।

दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है।

त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है.

Leave a Comment