Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए बड़ी सौगात, 10वीं-12वीं के छात्रों को टैबलेट के लिए मिलेगी राशि

देहरादून: उत्तराखंड के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए राज्य सरकार ने अहम घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन कक्षाओं के छात्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान की। कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार, सुझाव और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनकी कल्पनाओं को जाना।

2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दिए सुझाव

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान में प्रदेश के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि युवाओं से मिले उपयोगी सुझावों को सरकार की योजनाओं और नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार और युवाओं के बीच लगातार संवाद से नई सोच को नीति निर्माण में शामिल करने में मदद मिल सकती है।

एआई और आधुनिक कौशल से युवाओं को जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीकी जरूरतों को देखते हुए युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और आधुनिक मांग आधारित कौशल से जोड़ना जरूरी है। सरकार का लक्ष्य केवल युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम करना है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

विभिन्न विषयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग विषयों में बेहतर विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षा एवं युवा अवसर में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण, वन एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर, स्वास्थ्य एवं जन सेवाओं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई और सड़क, संपर्क एवं आधारभूत संरचना में श्रितिका रावत विजेता रहे।

इसी तरह प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चौहान तथा महिला एवं बाल कल्याण विषय में अनुष्का नेगी को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, सही दिशा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने की है। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Comment