रुद्रप्रयाग: रुद्रप्रयाग के प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक रूट पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश मंदिर के समीप ट्रेकिंग के दौरान एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और महिला की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे की है। महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिसके बाद रेस्क्यू टीमों ने उसे बाहर निकालने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। हालांकि, घटनास्थल पर खाई काफी गहरी होने और अंधेरा बढ़ने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग ने घटना की जानकारी डीडीआरएफ, आपदा मित्र तुंगनाथ, एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसील प्रशासन को दी। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीमों ने रात में काफी देर तक महिला की तलाश की, लेकिन खाई की गहराई और कम रोशनी के चलते अभियान को आगे जारी रखना जोखिमपूर्ण हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को अस्थायी रूप से स्थगित किए जाने की जानकारी दी। सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने महिला का शव खाई से बरामद कर लिया। फिलहाल महिला की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
