देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के जोगीवाला स्थित एक मॉल परिसर में डिलीवरी बॉय के साथ सिक्योरिटी गार्ड द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गार्ड डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो में डिलीवरी बॉय बार-बार माफी मांगता दिखाई देता है, इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर शाम की है। डिलीवरी बॉय मॉल में ऑर्डर लेने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि निर्धारित रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से जाने को लेकर सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गार्ड को रोकने का प्रयास करता दिखाई देता है, लेकिन गार्ड उसकी बात नहीं मानता। वीडियो में मारपीट करने वाला गार्ड खुद को पूर्व सैनिक बताते हुए डिलीवरी बॉय से बहस और अपशब्द कहता भी सुनाई दे रहा है। मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय बाइक पर बैठकर गार्ड से माफी मांगता है और वहां से चला जाता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी की पहचान 45 वर्षीय महेंद्र सिंह, निवासी डिफेंस कॉलोनी, देहरादून के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक मौके पर उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल डिलीवरी बॉय की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारण और पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
