Udayprabhat
Breaking Newsदेश

भाजपा ने कई राज्यों में बदले प्रभारी, तावड़े को यूपी तो स्मृति ईरानी को हरियाणा-छत्तीसगढ़ की कमान

नई दिल्ली: विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी नियुक्तियों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के संगठनात्मक प्रभार बदले गए हैं।

भाजपा ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं संजय भाटिया को राजस्थान की जिम्मेदारी मिली है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे।

बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद तनावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा ने स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, जबकि तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा राम माधव को तमिलनाडु, राजदीप रॉय को मणिपुर, डी. पुरंदेश्वरी को ओडिशा और सुनील बंसल को तेलंगाना व पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है। बिप्लब देव को मध्य प्रदेश, भारती पवार को गोवा और सतीश पूनिया को पंजाब व जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रभारी बनाया गया है। सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी होंगे। कर्नाटक में हरीश द्विवेदी प्रभारी और डॉ. कसम वेंकटेश्वरलू सह-प्रभारी होंगे।

वहीं, केरल में एम. नागराजा, लद्दाख में राजकुमार भाटिया और लक्षद्वीप में जॉर्ज कुरियन को प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा ने दिल्ली में विनय सहस्रबुद्धे को प्रभारी बनाया है, जबकि जामयांग नामग्याल और दर्शना जरदोश सह-प्रभारी होंगे।

संगठनात्मक स्तर पर अनिल बलूनी को भाजपा आईटी सेल का को-ऑर्डिनेटर और आशीष अग्रवाल को संयोजक बनाया गया है। पार्टी के इस व्यापक फेरबदल को आगामी चुनावों और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Comment