Udayprabhat
Breaking Newsदेश

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत, कई घायल

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में बस के अंदर फंसे 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास करीब रात 11 बजे हुई।

जानकारी के मुताबिक, बस संख्या BR32PA8647 दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा के लिए रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। अचानक बस से आग की लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और पुलिस टीम ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस के अनुसार, 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि धुएं और आग के बीच बस की तलाशी लेने पर 9 लोग मृत मिले।

एसी में स्पार्क से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और उसके तेजी से फैलने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि बस के ऊपरी हिस्से में सो रहे कई यात्री धुएं और आग के कारण बाहर नहीं निकल सके।

ड्राइवर-कंडक्टर पर कार्रवाई

यात्रियों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से चले गए और यात्रियों को खुद ही एक-दूसरे की मदद करनी पड़ी। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यात्रियों ने बताई हादसे की भयावहता

एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था। किसी यात्री ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। बाहर निकलने के दौरान चारों तरफ धुआं था और लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। एक अन्य यात्री के मुताबिक, जब वह जागा तो बस में काफी भीड़ थी। उसने अपना सामान तक नहीं उठाया और सिर्फ मोबाइल लेकर बाहर निकल आया। यात्री ने बताया कि धुएं के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और लोग एक-दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और घायलों की जानकारी जुटाने में लगी है। जली हुई बस को एक्सप्रेसवे से हटाने का काम भी किया जा रहा है।

Leave a Comment