Udayprabhat
uttrakhand

पौड़ी में आपदा का जायजा लेने पहुंचे धन सिंह रावत, पैदल पार किए भूस्खलन के रास्ते

पौड़ी गढ़वाल: लगातार हो रही भारी बारिश से पौड़ी जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है। कई गांवों में सड़क और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया।

दो दिवसीय राठ क्षेत्र भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने अपने निर्धारित कार्यक्रमों में बदलाव कर चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव का रुख किया। गांव तक पहुंचने के दौरान कई जगह सड़क बाधित होने पर उन्होंने स्थानीय लोगों से लिफ्ट ली और कुछ स्थानों पर भूस्खलन से गिरे बोल्डरों को पार करते हुए पैदल सफर किया।

डुंगरी तल्ली पहुंचकर मंत्री ने आपदा प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क एवं संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान की जानकारी ली। ग्रामीणों ने मार्गों के क्षतिग्रस्त होने समेत अन्य समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।

डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षतिग्रस्त रास्तों और संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने और आपदा के बाद जरूरी सावधानियां बरतने की अपील भी की।

Leave a Comment