कोटद्वार: उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) के दौरान कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि युवक उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना से अपने दोस्त की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।
परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान युवक की पहचान हिमांशु निवासी नगीना, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह काशीपुर निवासी विशाल कुमार की जगह परीक्षा देने आया था। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने युवक को हिरासत में ले लिया।
एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देशन में करीब आधे घंटे तक पूछताछ और जांच की गई। एसडीएम ने बताया कि परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए केंद्रों पर सघन निगरानी की जा रही है।
वहीं, उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल की सूचना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। कंडवाल के अनुसार, संगठन को मिली प्रमाणिक जानकारी के आधार पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह किसी अन्य युवक के परीक्षा देने की सूचना प्रशासन को दी गई थी। उन्होंने बताया कि उनके संगठन की ओर से अब तक 101 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़वाने का दावा किया गया है।
