रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली कंधे को छूकर निकल गई, जिससे विशाल घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय विशाल चौहान कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल विशाल को रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से एक रात पहले मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आने से पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है।
घायल विशाल चौहान ने एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीओ ने क्या कहा: सीओ रुड़की ओशिन जोशी का कहना है कि-
पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है.-ओशिन जोशी, सीओ, रुड़की-
