Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार के रेन बसेरे में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, लापता होने के बाद बदहवास हालत में लौटी

हरिद्वार: कोतवाली क्षेत्र में रेन बसेरे में ठहरे एक परिवार की छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बच्ची मंगलवार शाम अचानक लापता हो गई थी। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में वापस लौटी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बरेली का रहने वाला परिवार कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था और रेन बसेरे में ठहरा हुआ था। मंगलवार शाम बच्ची उस समय लापता हो गई, जब परिजन लंगर लेने के लिए गए थे। काफी तलाश के बावजूद रात तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह बच्ची के वापस लौटने पर परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी जुटाई।

पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए रेन बसेरे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चला रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment