Udayprabhat
accidentuttrakhand

विकासनगर में पिकअप वाहन खाई में गिरा, एक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

विकासनगर: उत्तराखंड में  सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में विकासनगर जुड्डो मोटर मार्ग पर जुड्डो डैम के निकट एक पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में वाहन लगभग 220 मीटर नीचे जाकर रुका, जिससे रेस्क्यू कार्य में बड़ी कठिनाइयाँ सामने आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप (UK 07 CA 1049) पहाड़ी क्षेत्र से टेंट का सामान लेकर वापस लौट रही थी। जुड्डो डैम के पास मोड़ पर वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे।

एसडीआरएफ की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान:

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डाकपत्थर पुलिस चौकी ने एसडीआरएफ को अवगत कराया। इसके बाद अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। खाई की गहराई और दुर्गम स्थल के कारण रेस्क्यू में काफी समय लगा। टीम ने रस्सों की सहायता से नीचे उतरकर घायलों तक पहुंचने का प्रयास किया।

रेस्क्यू के दौरान पाया गया कि राशिद अली नामक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुकुम को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान कर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। शव को एसडीआरएफ द्वारा खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पिकअप हादसे में मौत-

राशिद अली (उम्र 35 वर्ष), निवासी- विकासनगर
पिकअप हादसे में घायल-

हुकुम, निवासी- विकासनगर

 

Leave a Comment