देहरादून: नशामुक्त भारत अभियान के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से नशे के विरुद्ध मजबूत संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक कुरीति नहीं, बल्कि समाज को भीतर से खोखला करने वाली गंभीर चुनौती है, जिसका सबसे बड़ा निशाना युवा पीढ़ी बन रही है।
सीएम धामी ने अभियान की वर्षगांठ पर सभी कर्मवीरों और जागरूक नागरिकों को बधाई दी, जिन्होंने समाज को नशे की भयावह समस्या से लड़ने में दिशा और शक्ति प्रदान की। उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता प्रसार आज वैश्विक स्तर पर ‘साइलेंट वॉर’ का रूप ले चुका है। ऐसे समय में युवाओं को आगे बढ़कर स्वयं भी नशे से दूरी बनानी होगी और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करना होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस पर शुरू किए गए नशामुक्त भारत अभियान को आज देशव्यापी जन-आंदोलन का स्वरूप मिल चुका है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही राज्य स्तर पर आयोजित भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।

